बार-बार पेनकिलर लेना पड़ सकता है किडनी पर भारी, CDSCO ने दी चेतावनी

दर्द, बुखार या शरीर में तकलीफ होने पर लोग अक्सर तुरंत पेनकिलर ले लेते हैं। कई बार दवा की जरूरत न होने पर भी एंटीबायोटिक शुरू कर दी जाती है। लेकिन इन दवाओं का बार-बार या लंबे समय तक बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल किडनी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसे लेकर Central Drugs Standard Control Organisation (CDSCO) ने लोगों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पेनकिलर का ज्यादा इस्तेमाल क्यों बन सकता है खतरा?
दर्द और सूजन कम करने के लिए इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं Non-Steroidal Anti-Inflammatory Drugs यानी NSAIDs की श्रेणी में आती हैं। इनका जरूरत से ज्यादा, बार-बार या लंबे समय तक सेवन कुछ लोगों में किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है। जिन लोगों को पहले से किडनी की बीमारी है, शरीर में पानी की कमी रहती है या कुछ अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हैं, उनमें सावधानी और भी जरूरी है।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. वैभव तिवारी ने आजतक को बताया कि उनकी ओपीडी में ऐसे मरीज देखे जा रहे हैं, जिनकी किडनी पर लंबे समय तक पेनकिलर लेने का असर पड़ा है। कुछ गंभीर मामलों में मरीजों को डायलिसिस तक की जरूरत पड़ सकती है।
अगर कभी-कभार दर्द होने पर दवा लेनी पड़े तो स्थिति अलग हो सकती है, लेकिन दर्द लगातार बना रहे या बार-बार वापस आए तो खुद से दवा लेते रहने के बजाय डॉक्टर से कारण की जांच करानी चाहिए।
हर बुखार में एंटीबायोटिक जरूरी नहीं
एंटीबायोटिक को लेकर भी CDSCO ने Self-medication से बचने की सलाह दी है। हर बुखार, सर्दी या वायरल संक्रमण में एंटीबायोटिक की जरूरत नहीं होती, क्योंकि ये दवाएं वायरस के खिलाफ काम नहीं करतीं। बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से Antimicrobial Resistance यानी दवाओं के खिलाफ बैक्टीरिया की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सकती है।
अगर डॉक्टर ने एंटीबायोटिक लिखी है तो उसे निर्धारित डोज और अवधि के अनुसार लेना चाहिए। बची हुई दवा को बाद में खुद से इस्तेमाल करना या किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा करना भी उचित नहीं है।
किन लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए?
जिन लोगों को पहले से Kidney Disease है या किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने का जोखिम है, उन्हें NSAIDs लेने से पहले डॉक्टर को अपनी स्थिति बतानी चाहिए। Dehydration, cardiovascular disease और दूसरी दवाओं के सेवन जैसी परिस्थितियों में भी डॉक्टर को पूरी जानकारी देना जरूरी है।
CDSCO ने डॉक्टरों को भी सलाह दी है कि जहां NSAIDs की जरूरत हो, वहां सबसे कम प्रभावी डोज और सबसे कम जरूरी अवधि को प्राथमिकता दी जाए।
इसलिए सिरदर्द, कमर दर्द, जोड़ों के दर्द या बार-बार होने वाले बुखार में लगातार दवा लेने के बजाय समस्या की वजह समझना ज्यादा जरूरी है।
